समाजसेवा के लिए बिल गेट्स ने माइक्रोसॉफ्ट को कहा अलविदा
दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों में शुमार माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के सह संस्थापक बिल गेट्स ने कंपनी के बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स पद से इस्तीफ़ा दे दिया है।
हालांकि उन्होंने कहा है कि कंपनी उनके लिए हमेशा ही महत्वपूर्ण रहेगी और वो मौजूदा सीईओ सत्या नडेला और अन्य अधिकारी के सलाहकार के रूप में काम करते रहेंगे।
गेट्स का कहना है कि वो वैश्विक स्वास्थ्य, शिक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर अधिक काम करना चाहते हैं। गेट्स ने साल 2000 में अपनी पत्नी के साथ मिल कर बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन बनाया था।
इसके बाद 12 साल पहले यानी साल 2008 में उन्होंने कंपनी के सीईओ को पद से इस्तीफ़ा दे दिया और ख़ुद को कंपनी के रोज़ाना के काम से दूर कर लिया था। हालांकि वो 2014 तक कंपनी के बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स के चैयरमैन बने रहे।
कंपनी की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि गेट्स के बाद अब कंपनी में केवल 12 बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स होंगे।
2020 की फ़ोर्ब्स की अरबपतियों की लिस्ट के अनुसार 103 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ बिल गेट्स दुनिया के दूसरे सबसे धनी व्यक्ति हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर अमेज़न कंपनी के सीआओ जेफ़ बेज़ोस हैं। इनकी संपत्ति 110 अरब डॉलर से भी अधिक है।

No comments