Breaking Reports

28 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट आई निगेटिव, स्वास्थ्य विभाग ने ली राहत की सांस



आजमगढ़ : जिले से शुक्रवार के बाद भेजे गए 35 कोरोना संदिग्धों के सैंपल में 28 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने थोड़ी राहत की सांस ली है। अभी सात की रिपोर्ट आनी बाकी हैं।
   रविवार शाम पांच बजे तक स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़े के अनुसार पांच नए संदिग्ध सामने आए थे। शुक्रवार के बाद रविवार तक कुल 35 संदिग्धों की रिपोर्ट जांच के लिए भेजी गई थी। जिसमें 31 सैंपल जमात से संबंधित लोगों के थे। रविवार शाम तक इसकी रिपोर्ट न आने से स्वास्थ्य विभाग के साथ जिला प्रशासन की चिंता भी बढ़ी हुई थी। रविवार रात 12 बजे के आसपास 28 लोगों की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को मिल गई। इसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी सात लोगों की रिपोर्ट आनी शेष है।
   कोरोना संक्रमण से संबंधित जिले में अब तक कुल 75 संदिग्ध मिल चुके थे। इसमें 68 की रिपोर्ट आ चुकी है। तीन पॉजिटिव और 65 निगेटिव मिले हैं। डीएम एनपी सिंह और सीएमो डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि सात अन्य रिपोर्ट भी शाम तक मिलने की उम्मीद है।
   कोरोना पॉजीटिव तीन जमातियों के संपर्क में आने वाले मेडिकल कालेज चक्रपानपुर के प्रिंसिपल डा. आरपी शर्मा की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। उनकी रिपोर्ट को लेकर जिला प्रशासन काफी चिंतित था। प्रिंसिपल डॉ. आरपी शर्मा को 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया गया है।
   जिलाधिकारी एनपी सिंह ने बताया कि जांच के दौरान तब्लीगी जमात के तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी। इसमें एक आंध्र प्रदेश, एक तेलंगाना और एक गाजियाबाद के जमाती थे। उस दिन मेडिकल कालेज में 12 और लोग क्वारंटीन थे। हालांकि उनकी रिपोर्ट जांच में निगेटिव आई थी। तीनों पॉजीटिव के साथ ही 12 अन्य निगेटिव लोगों के सैंपल फिर से जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।

No comments