अवैध शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, 410 लीटर अवैध देशी शराब के साथ दो गिरफ्तार
आजमगढ़ : महाराजगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार पाण्डेय अपनी फोर्स व आबकारी टीम के साथ मंगलवार को क्षेत्र में तैनात थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि थाना महराजगंज क्षेत्र के घाघरा नदी के उस पार मदरही ग्राम के निकट कुछ लोग अवैध तरीके से अपमिश्रित कच्ची शराब का भट्ठी पर निर्माण करते है। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक के मुखबिर के बताये स्थान पर पहुँचे, जहाँ पर दो व्यक्ति को मौके पर ही घेरकर पकड़ लिया। दोनों व्यक्तियों का नाम पता विजय निषाद पुत्र बाबूलाल निषाद व रुदल निषाद पुत्र निराहू निषाद निवासीगण बेईली खुर्द थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर है। जबकि एक व्यक्ति झुरमुट व भौगोलिक परिस्थितियो का लाभ उठाते हुए भागने में सफल रहे। भागने वाले व्यक्ति का नाम पता पूछा गया तो बताया कि उसका नाम रमाकान्त निषाद उर्फ कान्ता पुत्र निराहू निषाद निवासी बेईली खुर्द थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर बताया।
मौके पर दो भट्ठी जल रही थी तथा मौके से ही 03 ड्रम में लगभग 410 लीटर कच्ची शराब व करीब 2.500 किग्रा यूरिया व 02 किग्रा फिटकरी बरामद हुए तथा मौके पर ही करीब 25 क्विंटल बन रहे शराब के लहन को नष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त शराब बनाने के उपकरण व सामग्री दो बड़े ड्रम नली लगी हुई दो अदद छकनी दो अदद बड़ा पतेला व पैंकिंग पन्नी 18 पैकेट तथा अवैध अपमिश्रित शराब के परिवहन हेतु दो अदद पुरानी साइकिल बरामद हुआ। पकड़े गये व्यक्तियों से उक्त अपराध के बारे में पूछा गया तो बताया कि वह तीनों लोग महुआ व गुड़ से अवैध कच्ची शराब का निर्माण करते है। तीव्र (अधिक) नशा करने के लिए उसमें यूरिया व फिटकरी मिलाते है। तत्पश्चात उक्त कच्ची अपमिश्रित शराब को प्लास्टिक की पन्नी में पैक करके लोगों को बेचते हैं। पैक किये गये शराब को बोरी में भरकर आजमगढ़ व आसपास के जनपदों में भी पहुँचाते है।


No comments