Breaking Reports

तब्लीगी जमात से आये 569 लोगों को पुलिस ने चिन्हित किया, सीएम ने कड़ी कार्यवाही के दिये आदेश



लखनऊ : तब्लीगी जमात के मरकज में शामिल होने के बाद प्रदेश में छुपे हुए लोगों को लेकर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने देर रात तक पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसके बाद प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए अब तक 569 से ज्यादा लोगों को चिन्हित कर लिया है। पुलिस ने अभियान चलाकर चिन्हित किए गए लोगों की पहचान की जिसके बाद इन लोगों का सैंपल लिया गया है। साथ ही ये जिस जनपद में हैं, वहीं इन सबको क्वॉरेंटाइन कर दिया गया है। इसके अलावा पुलिस इन लोगों के संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की तलाश भी कर रही है।
   यूपी पुलिस की कार्रवाई में 218 विदेशी भी चिन्हित किए गए हैं, जो अलग-अलग समय पर टूरिस्ट वीजा पर प्रदेश में आए थे। जो प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में रह रहे थे। इनमें से कुछ विदेशी तबीलीग जमात के मरकज में भी शामिल हुए थे। मरकज में शामिल होने वाले विदेशी लोगों  के पासपोर्ट जब्त कर पुलिस ने उन्हें क्वॉरेंटाइन कर दिया है। इसके साथ ही उनकी छानबीन की जा रही है. यही नहीं उत्तर प्रदेश पुलिस ने इन विदेशी लोगों को ठहराने वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।
   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी बंगले पर टीम-11 के अधिकारियों के साथ बैठक की. जिसमें उन्होंने कहा कि जमात के लोगों की गलतियों का खामियाजा आम लोगों को न भुगतना पड़े। जिन लोगों ने मानवता के खिलाफ जाकर कार्य किया है, उन्हें कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
 मुख्यमंत्री योगी ने जमात से वापस आए लोगों की युद्ध स्तर पर तलाश करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने तथ्यों को छुपाया है उनकी पड़ताल की जाए और उनके खिलाफ सख्त से सख्त क़ानूनी कार्रवाई की जाए। जमात के जरिए जो लोग विदेश के हैं, उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए जाए।

No comments