Breaking Reports

सीएम योगी ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से किया खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम का शुभारम्भ



आजमगढ़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकभवन, लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से युवक एवं महिला मंगल दलों को प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। इसी क्रम में एनआईसी में मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत के साथ जनपद के 10 युवक/महिला मंगल दलों के अध्यक्ष/मंत्री को प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री वितरित की गयी। खेल सामग्री में प्रत्येक दल को 04 वालीबाल, 02 वालीबाल नेट, 04 फुटबाल, 02 इन्फ्लेटर, 02 जोड़ा डिप्स स्टैण्ड व 01 स्किपिंग रोप वितरित की गयी।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रत्येक जनपद में युवक व महिला मंगल दलों को खेल सामग्री उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश में 67 हजार से अधिक युवक व महिला मंगल दल कार्यरत हैं, जिन्हें यह स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होने कहा कि प्रत्येक युवा राष्ट्र का प्रतीक है, एक युवक कल का नही, आज का नागरिक है। अगर उसका दृष्टिकोण सकारात्मक है तो अपनी ऊर्जा और सकारात्मक प्रतिभाग के माध्यम से आज ही उज्ज्वल भविष्य की नींव रख देगा। उन्होने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में खेल का मैदान बनाया जायेगा। इसका उद्देश्य है कि बच्चे एक दूसरे को देखकर अभ्यास करना सीखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवक एवं महिला मंगल दल साक्षरता अभियान में बड़ा योगदान दे सकते हैं। सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए गोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर सकते हैं। गांवों में होने वाले विवादों का पटाक्षेप करने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।

No comments