पुलिस से शिकायत करने से नाराज पूर्व प्रधान ने अपने भतीजे को पीट-पीटकर मार डाला
बरदह थाना क्षेत्र के सराय पलटू गांव निवासी महेश गांव का पूर्व प्रधान रह चुका है। शनिवार की सुबह महेश के भाई कन्हैया की पुत्री शौच के लिए गई हुई थी। शौच से वह लौटी तो चाचा महेश किसी बात को लेकर उसे गाली देने लगा। इस पर सुमन ने यूपी पुलिस 112 नंबर पर फोन कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और महेश को पकड़ कर थाने लेकर चली गई। थोड़ी देर में पुलिस ने महेश को छोड़ दिया। इसके बाद महेश घर पहुंचा। कन्हैया के घर पर सिर्फ उसका पुत्र अमरनाथ मौजूद था।पुलिस द्वारा पकड़ कर ले जाने से नाराज महेश का गुस्सा अमरनाथ पर फूट पड़ा। महेश, उसकी पत्नी व पुत्र ने मिल कर अमरनाथ पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। अमरनाथ ने मौके पर ही दम न तोड़ दिया। अमरनाथ की मौत के बाद हमलावर पूर्व प्रधान परिवार सहित मौके से फरार हो गया। वहीं सूचना पर मृतक अमरनाथ के परिजन पहुंचे तो पुत्र की लाश देख कर आक्रोशित हो उठे। सूचना पर बरदह थाने के साथ ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, मौके पर फोर्स जुटी हुई है। पुलिस ने समझा-बुझाकर करीब तीन बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

No comments