किसान सम्मान दिवस पर डीएम ने किसानों को किया सम्मानित
आजमगढ़ : भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व0 चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में कृषि विभाग के परिसर में आयोजित किसान सम्मान दिवस कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी राजेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह व भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज ऋषिकांत राय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं स्व0 चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, उद्यान, गन्ना, मत्स्य विभाग द्वारा लगाई गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इसी के साथ ही गन्ना के बीज, कीटनाशक दवाओं, मशरूम की खेती के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व0 चौधरी चरण सिंह की जयन्ती को किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। किसान भाई नई-नई कृषि तकनीकों को अपनायें और अपनी खेती में कृषि की लागत को कम करना होगा एवं ज्यादा से ज्यादा जैविक खादों का प्रयोग करना होगा।किसान भाई कृषि विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, अनुदान पर बीज विरतण, एग्रीजंक्शन, यंत्र वितरण, कृषि रसायन रक्षा, नैपसेक स्प्रेयर वितरण, बखारी वितरण, सोलर पम्प आदि योजनाओं का लाभ उठायें। किसान भाईयों से अपील हैं कि जो प्रगतिशील किसान कृषि से संबंधित नई-नई तकनीकी का प्रयोग कर रहे हैं, वे अपने आस पास के किसानों को नई कृषि तकनीकी के बारे में जानकारी दें।जनपद स्तर पर धान, गेहूँ, चना व सरसो की फसलों में सर्वोच्च उत्पादकता में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले 08 कृषकों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 18 विकास खण्डों में धान उत्पादकता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कृषकों को भी सम्मानित किया गया।


No comments