Breaking Reports

समाधान दिवस पर 5 मामलों का निस्तारण, डीएम ने त्वरित निस्तारण करने का दिया निर्देश


आजमगढ़ : कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत कोविड-19 के गाईडलाइन एवं सोशल डिस्टेन्सिंग का अनुपालन करते हुए तहसील बूढ़नपुर के सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार व एसपी सुधीर कुमार सिंह की मौजूदगी में सम्पूूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। 

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण करने के निर्देश दिए। कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जनसमस्याओं का गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। इस मौके पर कुल 214 मामले आए, जिसमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 209 मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। प्राप्त मामलों में 120 राजस्व के, पुलिस के 55, विकास के 23, शिक्षा के दो व अन्य के 14 मामले शामिल हैं। निर्देशित किया कि जिन-जिन विभागों से संबंधित आवेदन पत्र हैं, उसे प्राथमिकता के आधार पर 100 फीसद निस्तारित करना सुनिश्चित करें। यदि समस्याओं का निस्तारण प्रारम्भिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो जनता को मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। इसलिए अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभिक स्तर पर ही जनसमस्या का वास्तविक निस्तारण कर दें। 

इस अवसर पर सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, सीएमओ डा. एके मिश्रा, डीडीओ रवि शंकर राय, पीडी अभिमन्यु कुमार सिंह, एसडीएम दिनेश कुमार मिश्रा, डीपीआरओ लालजी दूबे, तहसीलदार शक्ति प्रताप सिंह सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी थे।

No comments