Breaking Reports

कमिश्नर ने कार्यालयों का किया आकस्मिक निरीक्षण, कर्मियों का वेतन रोकने का दिया निर्देश


आज़मगढ़ : मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त ने शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों/कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराये जाने के उद्देश्य से शुक्रवार को चार कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया, जिसमें कुल पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। उन्होंने अनुपस्थित पाये गये कर्मचारियों का एक दिन का वेतन बाधित करते हुए सम्बन्धित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया। 

   मण्डलायुक्त ने अपने निरीक्षण के क्रम में विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय, सहायक आयुक्त/सहायक निबन्धक, सहकारिता कार्यालय एवं अधिशासी अभियन्ता, ग्रामीण अभियन्त्रण कार्यालय तथा सिधारी स्थित सहायक निबन्धक, फर्म्स सोसाइटीज़ एवं चिट्स कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में तीन कर्मचारी सहायक लेखाकार, डीपीएम एवं पत्रवाहक अनुपस्थित पाये गये। इसी प्रकार सहकारिता एवं ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग में 1-1 कर्मचारी गैर हाजिर पाये गये। मण्डलायुक्त ने अनुपस्थित कर्मचारियों के एक दिन के वेतन आहरण को बाधित करते हुए सम्बन्धित कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर अपनी संस्तुति सहित तीन दिन के अन्दर उपलब्ध करायें। मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त ने कहा कि कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समय से उपस्थिति के आकस्मिक निरीक्षण का क्रम निरन्तर जारी रहेगा। उन्होंने समस्त कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे स्वयं कार्यालय में समय से उपस्थित रहें तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों कर्मचारियों की भी समय से उपस्थिति सुनिश्चित करायें।

No comments