मेहनगर में हुई हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार
मेहनगर थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी अजीत सिंह पुत्र रामचेत सिंह व अमरप्रताप सिंह पुत्र रामजीलाल सिंह को शुक्रवार की देर रात को ब्रम्हभोज से खाना खाकर आते समय रास्ते में कुछ लोगों ने पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिये। इस हमले में अजीत सिंह व अमरप्रताप सिंह दोनों घायल हो गये। दोनों घायलों को ईलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सको ने अजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल अमरप्रताप सिंह का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इस सम्बन्ध में मृतक के भाई राजेश सिंह ने स्थानीय थाने पर शनिवार को अजीत सिंह पुत्र यदुनाथ सिंह, राहुल सिंह पुत्र हरिवंश सिंह, अंकित सिंह पुत्र उमेश सिंह, शैलेश सिंह उर्फ मिन्टू सिंह पुत्र कमला सिंह निवासी रामपुर के खिलाफ लिखित तहरीर दिया था।
आज सोमवार को मेहनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त हत्याकांड में नामजद आरोपी राहुल सिंह वाराणसी जाने के चक्कर में कटहन मोड़ पर बस पकड़ने के लिए खड़ा है। इस सूचना पर विश्वास कर पुलिस टीम कटहन मोड़ पर पहुँची। वहां पर खड़ा एक व्यक्ति अचानक पुलिस को देखकर कटहन की तरफ जाने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।
वहीं मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वकील से मिलने जा रहे दो और आरोपी अजीत सिंह व अंकित सिंह को देवईत बाजार में स्थित यूनियन बैंक के सामने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक चाकू भी बरामद किया है।

No comments