Breaking Reports

अखिलेश यादव लड़ेंगे पहला विधानसभा चुनाव, जानिए आजमगढ़ की किस सीट से लड़ेंगे?



लखनऊ : उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोरखपुर से टिकट फाइनल होने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव की खबर के साथ उनकी सीट को लेकर भी अटकलें तेज़ हो गई हैं। 

खबर है कि सपा सुप्रीमो अखिलेश आजमगढ़ की गोपालपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजमगढ़ से सांसद हैं। सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव आजमगढ़ जिले से ही चुनाव लड़ना चाह रहे हैं। ऐसे में पूर्वांचल में संदेश देने के मकसद से गोपालपुर की सीट का चयन हो सकता है। आजमगढ़ जिले की गोपालपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की मजबूत पकड़ मानी जाती है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर सपा उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी। वहीं बीते पांच विधानसभा चुनावों के नतीजों पर गौर करें तो यहां चार बार सपा ने जीत दर्ज की, जबकि एक बार बहुजन समाज पार्टी के खाते में यह सीट गई है।

अखिलेश साल 2000 में पहली बार कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर लोकसभा में पहुंचे थे। 2004 और 2009 के आम चुनावों में भी उन्होंने कन्नौज से जीत दर्ज की और लोकसभा पहुंचे। साल 2012 में जब अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो उन्हें कन्नौज लोक सभा सीट से इस्तीफा देना पड़ा। मुख्यमंत्री बनने के बाद अखिलेश यादव विधान परिषद के सदस्य बने थे।

No comments