कांग्रेस के स्टार प्रचारक आरपीएन सिंह BJP में हुए शामिल
लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद आरपीएन सिंह कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हो गए हैं। सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद आरपीएन सिंह ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, यूपी प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में भाजपा की आधिकारिक तौर पर सदस्यता ली। इस दौरान दिनेश शर्मा, ज्योतिरादित्य सिंधिया और अनुराग ठाकुर भी मौजूद थे। बता दें कांग्रेस ने आरपीएन सिंह ने को यूपी चुनाव के पहले चरण में स्टार प्रचारक भी बनाया था।
भाजपा में शामिल होने के बाद आरपीएन सिंह ने एक ट्वीट में कहा, 'आज, जब पूरा राष्ट्र गणतन्त्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनैतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूं। जय हिंद।'
आज, जब पूरा राष्ट्र गणतन्त्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनैतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूँ।
— RPN Singh (@SinghRPN) January 25, 2022
जय हिंद
अपने इस्तीफे में सिंह ने कहा, 'मैं तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं। देश की सेवा करने हेतु मुझे मौका देने के लिए आपका आभार।' आरपीएन सिंह ने कहा, कुछ ही सालों में हमारे प्रधानमंत्री जी ने प्राचीन संस्कृति को 21वीं सदी से जोड़कर हिंदुस्तान को राष्ट्र के निर्माण में जो कार्य किया है, पूरा देश उसको देख रहा है। 32 सालों तक मैं एक पार्टी में रहा, ईमानदारी से लगन से मेहनत की, परंतु जिस पार्टी में इतने साल रहा, वह अब वह पार्टी रह नहीं गई, जहां मैंने शुरुआत की थी और ना ही वह सोच रह गई है। अगर देश में राष्ट्र निर्माण करना है और देश को आगे बढ़ाना है तो मैं छोटे कार्यकर्ता की हैसियत से हमारे प्रधानमंत्री जी के सपनों को पूरा करने के लिए जो भी प्रयास होगा, मैं अवश्य करूंगा।
आरपीएन सिंह के बारे में
कुशीनगर में पडरौना के राजा कहे जाने वाले कुंवर रतनजीत प्रताप नारायण सिंह (आरपीएन सिंह ) पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद हैं। आरपीएन सिंह पडरौना विधानसभा से तीन बार विधायक और कुशीनगर से 1 बार सांसद रह चुके हैं। मनमोहन सिंह की सरकार में केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, कॉरपोरेट मामला, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी सम्हाल चुके हैं। आरपीएन सिंह के पिता सीपीएन सिंह इंदिरा गांधी की सरकार में रक्षा मंत्री भी रह चुके हैं।
No comments