एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा एमएलसी यशवंत सिंह के पुत्र समेत 9 लोगों ने खरीदा नामांकन पत्र
आजमगढ़ : एमएलसी चुनाव के लिए शनिवार को कुल नौ नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। हालांकि अभी किसी भी पार्टी ने अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है लेकिन पार्टियों के नाम पर नामांकन पत्र खरीदे गए हैं। शुक्रवार को भाजपा विधायक अरुणकांत यादव समेत 4 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा था।
आजमगढ़-मऊ विधान परिषद चुनाव दूसरे दिन शनिवार को भी नौ सेट पर्चे बिके। इसमें भाजपा के विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह के बेटे विक्रांत सिंह, आम आदमी पार्टी से दुर्गविजय सिंह, बसपा से सिकंदर कुशवाहा, कांग्रेस से ओमप्रकाश यादव व पवन कुमार सिंह ने पर्चे खरीदे। इन सभी लोगों ने दो-दो सेट में नामांकन पत्र खरीदे। दो दिनों में खरीदे गए नामांकन पत्रों की संख्या अब 15 हो गई है। शुक्रवार को भाजपा के फूलपुर पवई विधायक अरुणकांत यादव ने तीन सेट में नामांकन पत्र खरीदा था। नामांकन पत्रों की बिक्री को लेकर पूरा कलेक्ट्रेट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील है। नामांकन पत्र खरीदने वालों के अतिरिक्त सिर्फ कर्मचारियों और मीडिया कर्मियों को ही कलेक्ट्रेट तक जाने की अनुमति दी जा रही है।
No comments