जहरीली शराब कांड : डीआईजी ने चार पर घोषित किया 50 हजार का इनाम, सात आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ : जिले में जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस ने रूपईपुर गांव में छापा मारकर अवैध शराब फैक्ट्री के भंडाफोड़ किया था। इस दौरान फरार छह अभियुक्तों पर एसपी ने 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। लेकिन डीआईजी ने फरार अभियुक्तों में शामिल चार सगे भाइयों पर 50-50 हजार कर इनाम घोषित कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक 7 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 6 फरार चल रहे हैं।
अहरौला थाना क्षेत्र के रूपईपुर गांव में छापा मारकर पुलिस ने अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। मौके से एक आरोपित मो. फहीम को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में अवैध शराब, कफ सीरफ व शराब बनाने का उपकरण बरामद किया। इस अवैध फैक्ट्री का संचालक मो. समेत 6 लोग फरार चल रहे हैं। फरार छह अभियुक्तों पर एसपी अनुराग आर्य ने 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। लेकिन, डीआईजी अखिलेश कुमार ने फरार अभियुक्तों में शामिल चार सगे भाइयों मो. नदीम, मो. कलीम, मो. नईम व मो. सलीम, निवासी रुपईपुर थाना अहरौला पर 50-50 हजार कर इनाम घोषित कर दिया है। वहीं दो अभियुक्तों सहबाज व सलमान निवासी माहुल, थाना अहरौला पर 25 हजार का इनाम घोषित है। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सभी पर गैंगेस्टर एक्ट लगा कर 14 ए के तहत संपत्ति जब्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी गई हैं।
जहरीली शराब काण्ड में पुलिस ने अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिसमें रंगेश यादव, निवासी परतहिया थाना खुटहन, जौनपुर, सूर्यभान यादव निवासी गोवाई, दीदारगंज, पुनीत कुमार यादव निवासी चकगंजलीशाह, दीदारगंज, रामभोज यादव निवासी समसल्लीपुर, अहरौला, अशोक यादव निवासी उदपुर, कोतवाली फूलपुर, पंकज यादव निवासी चकगंजलीशाह, दीदारगंज, मोहम्मद फहीम निवासी रूपाईपुर, अहरौला हैं।
No comments