Breaking Reports

शिवपाल ने अखिलेश से क्यों कहा- जो समाजवादी नेताजी के अपमान पर आग बबूला हो जाते थे, आज अपमानित करने वाले का कर रहे समर्थन



लखनऊ : प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने राष्टपति चुनाव के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के एक पुराने मामले को उछालते हुए अपने भतीजे अखिलेश यादव को एक पत्र लिख कर उन्हें अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। उन्होंने लिखा कि जिस व्यक्ति ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के बारे में अनर्गल बातें कही हो और उन्हें आईएसआई का एजेंट तक बताया हो, उसे राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन देने पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी मजाक का पात्र बनकर रह गई है।

शिवपाल सिंह यादव ने अखिलेश यादव के नाम पत्र लिखा कि, यह नियति की अजीब विडम्बना है कि समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव में उस व्यक्ति का समर्थन किया है, जिसने हम सभी के अभिभावक और प्रेरणा व ऊर्जा के स्रोत आदरणीय नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को उनके रक्षा मंत्रित्व काल में पाकिस्तानी गुप्तचर संस्था आईएसआई का एजेंट बताया था। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि समाजवादी पार्टी को राष्ट्रपति प्रत्याशी के तौर पर एक अदद समाजवादी विरासत वाला नाम न मिला। यह कहते हुए मुझे दुःख और क्षोभ हो रहा है कि जो समाजवादी कभी नेताजी के अपमान पर आग बबूला हो जाते थे, आज उसी विरासत के लोग नेताजी को अपमानित करने वाले व्यक्ति का राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन कर रहे हैं। ऐसा लगने लगा है कि पूरी पार्टी मजाक का पात्र बनकर रह गई है। प्रिय अखिलेश जी, मुझे अपनी सीमाएं पता है, आप समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष हैं, ऐसे में मेरा सुझाव है कि उपरोक्त बिंदुओं के आलोक में अपने फैसले पर पुनर्विचार करें।

शिवपाल ने ट्वीट किया कि, सपा के वर्तमान नेतृत्व ने राष्ट्रपति चुनाव में उस व्यक्ति का समर्थन किया है,जिसने हम सभी के अभिभावक और प्रेरणा व ऊर्जा के स्रोत आदरणीय नेताजी को 'आईएसआई'का एजेंट बताया था। पार्टी नेतृत्व के इस फैसले के विरुद्ध मेरी घोर असहमति है। नेताजी के अपमान की शर्त पर कोई फैसला मंजूर नहीं।

No comments