चेन स्नैचर सुमित उपाध्याय का साथी व 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
आजमगढ़ : शहर कोतवाली पुलिस व स्वाट /सर्विलान्स की संयुक्त टीम ने चेन स्नैचर सुमित उपाध्याय के साथी 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लूट की दो सोने की चेन बरामद की है। सुमित उपाध्याय पुलिस मुठभेड़ में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
शहर कोतवाली पुलिस व स्वाट /सर्विलान्स की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को शातिर चैन लुटेरे सुमित उपाध्याय के साथी मोती जायसवाल निवासी पचहटिया थाना लाईनबाजार जनपद जौनपुर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। एसपी अनुराग आर्य ने इस पर 25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की दो सोने की चैन बरामद की है। मामले के आरोपी सुमित उपाध्याय को पुलिस 29 अगस्त को ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर चुकी है। यह आरोपी मार्निंग वॉक पर निकली महिलाओं के चैन की छिनैती करते थे। पुलिस की जांच में यह आरोपी सीसीटीवी में घटना को अंजाम देते भी पाए गए। मोती जायसवाल फरार चल रहा था और जिले की पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।
9 जून को बवाली चौराहा रोडवेज के पश्चिम कठवा पुल पर सुबह करीब 5:55 बजे मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति महिला के गले से सोने की चैन खिंचकर भाग गया था। पीड़ित ने इस घटना के सम्बन्ध में शहर कोतवाली में तहरीर दी थी। इसके दो महीने बाद 23 अगस्त को हीरापट्टी में सुबह लगभग 06:00 बजे टहल रही एक महिला के गले से चैन छिनने की घटना सामने आयी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी थी। जिसके आधार पर बदमाश की पहचान सुमित उपाध्याय पुत्र त्रिभुवन उपाध्याय, मोहल्ला पूरा जोधी के रूप में हुयी। पीड़िता के पुत्र अंशु गुप्ता निवासी मोहल्ला हीरापट्टी थाना कोतवाली ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गयी थी। एसपी अनुराग आर्य ने टीम गठित कर तत्काल घटना के अनावरण के लिए थाना प्रभारी कोतवाली, सर्विलान्स-सेल व SOG को निर्देशित किया गया था।
No comments