Breaking Reports

आजमगढ़ पहुँचे आप सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर बोला हमला, गुंडे माफिया जेल में होते तो लखीमपुर खीरी कांड सामने नहीं आता



आजमगढ़ : आम आदमी पार्टी के प्रांतीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बुधवार को आजमगढ़ पहुंचे राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा अब भारतीय खोखा पार्टी बन चुकी है। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।

सांसद संजय सिंह ने कहा कि आने वाले निकाय चुनाव में पूरे यूपी में अपने सिंबल पर चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इसको लेकर लगातार तैयारियां चल रही हैं। प्रदेश के जिलों में लगातार दौरा किया जा रहा है। यूपी को संगठन की दृष्टि से आठ प्रांतों में बांटा गया है। निकाय चुनाव को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका और नगर पंचायत में मुद्दों को उठाकर काम किया जाएगा।

संजय सिंह ने कहा कि भाजपा अब भारतीय खोखा पार्टी बन चुकी है। भाजपा ने आठ राज्यों में विधायकों को खरीद कर सरकार बनाई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था के सवाल पर आप नेता का कहना है कि यदि गु्ंडे माफिया जेल में होते तो लखीमपुर खीरी जैसे मामले न होते। आज प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। स्कूलों की हालत बदतर है। स्कूल जर्जर है। दावे बड़े-बड़े पर काम कुछ नहीं। यूपी में ट्रांसफर का धंधा चल रहा है। आप नेता का कहना है कि निश्चित रूप से यूपी में हमारा जनाधार कम है, पर हम मजबूती के साथ तैयारियां कर रहे हैं। संजय सिंह का कहना है कि अपराध यूपी में बड़ा मुद्दा है उसे बयानों से ढ़का नहीं जा सकता। हम पूरी तैयारी के साथ मैदान में आ रहे हैं।

No comments