नहीं रहे मुलायम सिंह यादव, लंबी बीमारी के बाद सपा संरक्षक का निधन
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 1 अक्टूबर को आईसीयू में भर्ती कराया गया था। मुलायम सिंह के निधन के बाद समाजवादी परिवार में शोक की लहर डूब गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर नेताजी के निधन की सूचना दी।
अखिलेश यादव ने लिखा, ” मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे…”
मुलायम सिंह यादव को 1 अक्टूबर को मेदांता अस्पताल के आईसीयू में एडमिट कराया गया था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मुलायम सिंह यादव ने 82 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। तीन महीने पहले उनकी पत्नी साधना गुप्ता का भी निधन हो गया था।
55 साल से अधिक समय तक राजनीति में सक्रिय रहे मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई में हुआ था। उन्होंने राजनीति शास्त्र में एमए की पढ़ाई की थी। वह 1967 में पहली बार यूपी के जसवंत नगर से विधायक निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे और फिर उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह आठ बार विधायक निर्वाचित हुए तो वहीं सात बार निर्वाचित होकर लोकसभा सांसद बने। 1996 में उन्हें यूनाइटेड फ्रंट गठबंधन की सरकार में रक्षा मंत्री बनने का भी अवसर मिला।

No comments