शीला मौर्या की हत्या मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की गोली से घायल
आजमगढ़ : रौनापार थाना क्षेत्र के पांडेय का पुरा लख्मी रोहुवार गांव के पास 11 सितम्बर को दिन में महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी महुला को निलंबित कर दिया था।
लख्मी रोहुवार पांडेय का पुरा गांव में दो पक्षों के बीच काफी समय से भूमि विवाद चल रहा था। चार-पांच दिन पूर्व भी विवाद हुआ था और मामला पुलिस तक भी पहुंचा था। जिसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के चार-पांच लोगों का 151 में चालान कर दिया था। इसके बाद सोमवार को दिन में एक पक्ष की शीला मौर्या अपने पति अभिमन्यु मौर्या के साथ लाटघाट बाजार से घर जा रही थी। रास्ते में रोक कर विपक्षियों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पति तो सड़क किनारे स्थित गड्ढे में गिर गया, जिससे वह बच गया लेकिन शीला के पेट, सिर व पैर में कई जगहों पर हमलावरों ने वार किया। जिससे उसकी मौत हो गई।
इस मामले में अभिमन्यु मौर्या की तहरीर पर पुलिस ने पांच के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। नामजद किए गए लोगों में स्वामीनाथ, अतुल, विपुल, विवेक व मुस्कान शामिल है। पुलिस ने पहले ही चार आरोपियों स्वामीनाथ पाण्डेय, विपुल पाण्डेय, विवेक पाण्डेय व मुस्कान पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं एसपी अनुराग आर्य ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी महुला को निलंबित कर दिया था।
रौनापार थाना पुलिस ने बुधवार की रात एक अन्य नामजद आरोपी अतुल पाण्डेय पुत्र रामविजय पाण्डेय ग्राम पाण्डेय को सुरौली ब्रेकर से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की निशादेही पर आजमगढ़-दोहरीघाट रोड के पास वहदग्राम पाण्डेय पूरा में रात करीब 8:20 बजे पहुचें, जहां पर अभियुक्त द्वारा पहले से आलाकत्ल के साथ अवैध असलहा छिपा कर रखा गया था। अभियुक्त असलहे को निकालकर तेजी से भागा और जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग किया। पुलिस द्वारा जवाबी कार्यवाही करते हुये अतुल पाण्डेय के बायें पैर में गोली लग गयी। घायल को उपचार के लिए सीचसी लाटघाट ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर किया गया है। घायल अतुल पाण्डेय के पास से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल एक चाकू, एक तमन्चा, दो कारतूस बरामद किया गया।

No comments