35 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र के लेदौरा गांव के सिवान में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शंभूपुर गांव निवासी 35 वर्षीय मिथिलेश सिंह पुत्र इंद्रसेन सिंह के रूप में हुई है।
सुबह सिवान की ओर गए ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना तत्काल डायल 112 और अहरौला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों और ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि मिथिलेश सिंह की हत्या जहर या किसी नशीले पदार्थ का सेवन कराकर की गई है।
परिजनों ने बताया कि मिथिलेश वाराणसी में रहकर पुट्टी लगाने और पेंटिंग का कार्य करते थे। वह बनारस से किस प्रकार गांव पहुंचे इसकी जानकारी किसी को नहीं है। सूचना मिलने पर मौके पर सीओ बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह, थाना अध्यक्ष अहरौला अमित मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंच गए।
फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन छानबीन की जा रही है। सीओ बूढ़नपुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

No comments