Breaking Reports

लापता महिला की पोखरी में मिली लाश


आजमगढ़ : बरदह थाना क्षेत्र के अवदह खास गांव स्थित पोखरी में गुरुवार की सुबह एक विवाहिता का शव उतराया हुआ मिला। महिला बुधवार की भोर से लापता थी। परिजन उसकी तलाश करने के साथ ही थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सरायमीर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव निवासी अनीता सिंह (35) पत्नी नवीन इन दिनों अपने मायके बरदह थाना क्षेत्र के अवदह खास गांव में अपनी पुत्री के साथ रह रही थी। वह मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही है। मायके से ही उसका इलाज चल रहा था। बुधवार की भोर में वह घर से निकली फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर से उसकी खोजबीन की। काफी प्रयास के बाद भी महिला का कुछ पता न चलने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई।

गुरुवार की सुबह ग्रामीण खेत की तरफ जा रहे थे तो गांव स्थित पोखरी में अनीता का शव उतराया हुआ देखा। शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर कुछ ही देर में बरदह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोखरी से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

No comments