MSDS University : पहले दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेंगी राज्यपाल आनंदीबेन
आजमगढ़ : महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह 23 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जायेगा। इस समारोह में कुल 72 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल दिया जाएगा। कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के हाथों विभिन्न संकायों के 17 टॉपर छात्रों को कुलाधिपति मेडल और 55 छात्रों को कुलपति मेडल प्रदान किया जाएगा।
समारोह की तैयारियों के लिए समितियों का गठन किया गया है। कार्यक्रम के सुचारु संचालन हेतु अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विश्वविद्यालय परिसर में हेलिपैड का निर्माण हो चुका है, जहां कुलाधिपति का हेलिकॉप्टर उतरेगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में सफाई का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
समारोह के समन्वय और विभिन्न समितियों की प्रगति के निरीक्षण के लिए प्रो. सर्वेश पांडेय के नेतृत्व में दीक्षांत समन्वय समिति का गठन किया गया है। समिति समारोह को अंतिम रूप देने के लिए विभिन्न समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर रही है। विश्वविद्यालय ने पांच गांवों के आंगनबाड़ी केंद्र और कंपोजिट विद्यालयों को गोद लिया है। राजभवन के निर्देशानुसार इन संस्थानों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें चयनित प्रतिभागियों को दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
परास्नातक 2021-23 में आर्ट फैकल्टी से एक, साइंस से एक, कामर्स से एक, लाॅ से एक, शिक्षा फैकल्टी से एक को कुलाधिपति सम्मान मिलेगा। इसके अलावा परास्नातक के सत्र 2022 -24 में आर्ट से एक, साइंस से एक कामर्स से एक, शिक्षा से एक और लॉ फैकल्टी से एक मेधावी को कुलाधिपति सम्मान मिलेगा। जबकि स्नातक 2021-24 में आर्ट फैकल्टी से एक, कामर्स से एक, बीबीए से एक, बीपीएड से दो, लॉ से एक और विज्ञान फैकल्टी से एक मेधावी को यह सम्मान मिलेगा। इसके अलावा 55 अन्य मेधावियों को कुलपति मेडल प्रदान किया जाएगा।

No comments