Breaking Reports

Azamgarh Mahotsav 2024: आजमगढ़ महोत्सव का आगाज, विभिन्न कलाकारों ने दी अपनी प्रस्तुति



Azamgarh Mahotsav 2024 : आजमगढ़ महोत्सव-2024 का आगाज राजकीय पालिटेक्निक कॉलेज में  बुधवार को हुआ। प्रदेश सरकार में क़ृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने महोत्सव-2024 का भव्य शुभारम्भ किया। मंत्री ने कहा कि इस महोत्सव का समस्त जनपदवासी भरपूर आनंद लें और महोत्सव को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ की कला, संस्कृति एवं इतिहास को प्रदर्शित करने के लिए आजमगढ़ महोत्सव एक बहुत बड़ा मंच है।



मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने  कहा, आजमगढ़ के पौराणिक धरोहरो को संजोने के लिए आजमगढ़ महोत्सव का आयोजन बहुत महत्वपूर्ण हैं। यह एक ऐसा मंच है, जहां स्थानीय कलाकारों को भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। मंत्री ने महोत्सव में प्रतिभाग कर रहे कलाकारों का आभार प्रकट किया था उन सभी कलाकारों को हार्दिक बधाई दी। इसी के साथ उन्होंने जिला प्रशासन को भी महोत्सव के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी।

जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कहा कि इस महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के साथ ही प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकर भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। जनपद वासियों से अपील किया कि अधिक से अधिक संख्या में आजमगढ़ महोत्सव में आकर महोत्सव को सफल बनाएं। आज महोत्सव के पहले दिन के कार्यक्रम में  विजय प्यारे, विजय लक्ष्मी गुप्ता, अरूण सिंह अनाड़ी, नंदिनी गौड़ द्वारा लोक गायन, मुकेश कुमार एवं दल अयोध्या उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज द्वारा फरवही/कहरवा लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति कई गई।

आजमगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आजमगढ़ महोत्सव 2024 का शुभारंभ किया जा रहा है। यह महोत्सव 18 से 22 सितम्बर 2024 तक चलेगा, जिसमे विभिन्न कलाकारों द्वारा अपनी प्रस्तुतियां दी जाएगी। साथ ही इस महोत्सव में देश, प्रदेश एवं जनपद के इतिहास, संस्कृति, धरोहर एवं कला को प्रदर्शित किया जायेगा। 


No comments