मंदिर दर्शन के लिए निकली चार लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
आजमगढ़ : रौनापार थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह मंदिर में दर्शन करने गईं चार लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गईं। देर शाम तक उनके घर न पहुचंने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए बुधवार को थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस जांच में जुटी है।
रौनापार थाना क्षेत्र के मानिकपुर निवासी योगेंद्र साहनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी 20 वर्षीय अंतिमा, गांव की 20 वर्षीय करिश्मा पुत्री सत्यप्रकाश, 19 वर्षीय रंगोली पुत्री स्व. टुघुर और 16 वर्षीय आंचल पुत्री अमरजीत के साथ मंगलवार की सुबह घर से जमुवारी स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करने गई थी। चारों घर से दो किलोमीटर पैदल चलकर गई थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
परिवार के लोगों ने रंगोली के मोबाइल फोन किया तो उसका नंबर बंद जा रहा था। रंगोली की मां संजू देवी ने बताया कि सुबह वह मंदिर जाने के लिए रुपये मांग रही थी। इसके बाद मैं दूसरे घर चली गई। लौटने पर पता चला कि आंचल मंदिर गई है। देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर हमने अगल-बगल और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। उसका मोबाइल बंद था। शाम को एक अनजान नंबर से फोन आया। उधर से आंचल बोल रही थी। उसने कहा कि गांव के ही राजन भी साथ में हैं, लेकिन हम लोग कहां हैं, यह पता नहीं चल रहा है। दोबारा उस नंबर पर फोन नहीं लग रहा है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि यह पता चला है कि राजन नामक युवक के साथ यह लड़कियां देखी गई थी। पुलिस कॉल डिटेल निकाल रही है। सर्विलांस की माध्यम से जांच की जा रही है। जैसे ही पता चलता है करवाई होगी।
No comments