Breaking Reports

महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय ने Ph.D. और BA LLB में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई, अब 10 सितंबर तक करें आवेदन


आजमगढ़ : महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय ने पीएच.डी. और बी.ए. एल.एल.बी. पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि को 10 सितंबर 2025 तक बढ़ा दिया है। यह निर्णय कुलपति प्रो. संजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित परीक्षा समिति की बैठक में लिया गया, जिसमें छात्रों के हित और समर्थ पोर्टल पर आ रही तकनीकी समस्याओं को ध्यान में रखा गया।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि परीक्षा समिति की बैठक में सभी संबद्ध महाविद्यालयों के समस्त पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इस निर्णय से उन छात्रों को राहत मिलेगी, जो अब तक तकनीकी समस्याओं के कारण आवेदन नहीं कर पाए थे।

कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि, 

छात्रों का हित विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। शिक्षण-सत्र का नियमित संचालन सुनिश्चित करना आवश्यक है, लेकिन तकनीकी समस्याओं के चलते छात्रों को कोई परेशानी न हो, इसलिए प्रवेश तिथि को बढ़ाया गया है। 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में पठन-पाठन सामान्य रूप से चल रहा है और प्रवेश प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत प्रायोगिक परीक्षाओं में जिन छात्रों को असुविधा हुई थी, उनके लिए भी समाधान निकाला गया है। अब उन्हें एक अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा, जिससे वे परीक्षा में पुनः शामिल हो सकें।

परीक्षा नियंत्रक एवं कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने भरोसा भी दिलाया कि विस्तारित तिथि के बाद समर्थ पोर्टल के माध्यम से छात्र आसानी से प्रवेश ले सकेंगे और किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

No comments