भाजपा नेता का बड़ा आरोप – सपा के 10 विधायक, 2 सांसद और 2 MLC ने किए 350 करोड़ के घोटाले
परिवारवाद, विकास की अनदेखी और बजट घोटालों को लेकर समाजवादी पार्टी पर जमकर बरसे भाजपा नेता
आजमगढ़ : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व जिला अध्यक्ष और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य जयनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी (SP) के खिलाफ बड़ा हमला बोलते हुए करीब 350 करोड़ रुपये के घोटाले का सनसनीखेज आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि सपा के 10 विधायक, 2 सांसद और 2 विधान परिषद सदस्य विकास योजनाओं की निधियों का दुरुपयोग कर रहे हैं।
मंगलवार को प्रेस वार्ता में जयनाथ सिंह ने कहा कि नौ बार के विधायक दुर्गा प्रसाद यादव के सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास के नाम पर सिर्फ कागजी काम हुआ है। "जहां क्षेत्र सोने की तरह चमकना चाहिए था, वहां सिर्फ असुविधाएं और अव्यवस्थाएं दिख रही हैं।"
भाजपा नेता ने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा,
आजमगढ़ में पहले मुलायम सिंह यादव, फिर अखिलेश यादव और उसके बाद धर्मेंद्र यादव को चुनाव लड़ाया गया। यह दर्शाता है कि सपा आजमगढ़ की जनता और स्थानीय कार्यकर्ताओं को सांसद बनने लायक ही नहीं समझती।
स्थानीय निकायों के बजट में भी घोटाले का दावा
जयनाथ सिंह ने जिले की जिला पंचायत, नगर पालिका और नगर पंचायत के बजट में भी भारी गड़बड़ियों की बात कही। उनका आरोप है कि इन संस्थानों का बजट पारदर्शी नहीं है और पैसे का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं दिया गया।
कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार की तारीफ
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून व्यवस्था की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि आजमगढ़ में अपराध लगभग शून्य हो चुका है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है और कानून का राज स्थापित हो चुका है।
भाजपा में संभावित अंतर्विरोधों पर पूछे गए सवाल पर जयनाथ सिंह ने स्पष्ट किया,
बीजेपी में मतभेद होना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन मनभेद नहीं है। जब बात चुनावों और जनहित की आती है, तो पूरी पार्टी एकजुट होकर काम करती है।
अंत में जयनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी को चेतावनी देते हुए कहा कि वह 2027 के सपनों में जीने के बजाय जनता के सवालों का जवाब दे। उन्होंने कहा,
जनता अब जाग चुकी है, और जो लोग सिर्फ वादों और दिखावे की राजनीति करते हैं, उनका पर्दाफाश हो चुका है।

No comments