मण्डलायुक्त ने आश्रम पद्धति विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर दी चेतावनी
आजमगढ़ : मण्डलायुक्त विवेक ने मंगलवार को जनपद के मूसेपुर स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (आश्रम पद्धति विद्यालय) का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रों से सीधे संवाद कर विद्यालय की सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानी और कई खामियों पर गहरी नाराजगी जाहिर की।
निरीक्षण की शुरुआत में मण्डलायुक्त ने छात्रों को मिठाई वितरित की और फिर उनसे भोजन व्यवस्था, रहने की स्थिति और अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। छात्रों ने बताया कि भोजन मीनू के अनुसार नहीं दिया जा रहा है और उसकी गुणवत्ता भी खराब रहती है। इसके अतिरिक्त कमरों में कपड़े टांगने के लिए हैंगर की व्यवस्था नहीं है तथा बेडशीट आदि की धुलाई छात्रों से ही करवाई जाती है।
इन गंभीर अनियमितताओं पर मण्डलायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदार का बकाया भुगतान अग्रिम आदेशों तक रोकने का निर्देश दिया। साथ ही जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि भोजन की गुणवत्ता में तत्काल सुधार किया जाए, अन्यथा उनके विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी छात्रावास कक्षों में प्रत्येक छात्र के लिए हैंगर उपलब्ध कराए जाएं। बाथरूम के टूटे हुए दरवाजों की मरम्मत शीघ्र कराई जाए। इनडोर खेलों के लिए हर कक्ष में दो कैरम बोर्ड, लूडो एवं अन्य खेल सामग्री छात्रों को उपलब्ध कराई जाए।
छात्रों द्वारा यह भी बताया गया कि विद्यालय में खेल का मैदान नहीं है। इस पर नायब तहसीलदार ने अवगत कराया कि विद्यालय परिसर से सटी बंजर भूमि उपलब्ध है। मण्डलायुक्त ने खण्ड विकास अधिकारी, पल्हनी को निर्देशित किया कि उक्त बंजर भूमि में मिट्टी भराई कराकर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाए ताकि बच्चों के लिए खेल का मैदान तैयार किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, नायब तहसीलदार सदर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments