लोको पायलट दुर्गेश हत्याकांड में पांच आरोपी गिरफ्तार, थानाध्यक्ष पर पक्षपात के आरोप
आजमगढ़ : जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नौशहरा वार्ड निवासी लोको पायलट दुर्गेश कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। घटना के तीसरे दिन भी इलाके में गम और आक्रोश का माहौल रहा। सुरक्षा की दृष्टि से मृतक और आरोपियों के घरों पर पुलिस बल और पीएसी तैनात रही।
प्रेम प्रपंच के चलते बीते रविवार को लोको पायलट दुर्गेश कुमार की पीट कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई अजीत कुमार की तहरीर पर जीयनपुर कोतवाली में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम हाउस से शव लेकर लौटते समय परिजनों और ग्रामीणों ने आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग को जीयनपुर चौक पर जाम कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने 11 नामजद सहित 100 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने मंगलवार देर शाम घटना से जुड़ी लड़की का भी बयान दर्ज किया। साथ ही, दुर्गेश के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की जा रही है, ताकि हत्या से जुड़े हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की सघन निगरानी की जा रही है। पांच आरोपियों गणेश यादव, अजय यादव ,शेरू यादव, गोविंद यादव और ज्ञानेंद्र मिश्र का चालान कर जेल भेजा गया है। शांति व्यवस्था बनी हुई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर नजर रखी जा रही है।
थानाध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह की ओर से दर्ज मुकदमे को लेकर बुधवार को परिजन और ग्रामीण एसएसपी हेमराज मीना से मिले। उन्होंने एसएसपी को बताया कि थानाध्यक्ष का आरोपी ज्ञानेन्द्र मिश्रा से अच्छा सम्बन्ध है और उसकी गिरफ्तारी के बाद भी उसको वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा और 24 घंटे से ऊपर होने के बाद भी जेल नहीं भेजा गया है। इससे प्रतीत हो रहा है कि थानाध्यक्ष इस प्रकरण में निष्पक्ष नहीं है। उन्होंने सभी आरोपियों को तत्काल जेल भेजने और थानाध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह को थाने से हटाने की मांग की।

No comments