नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान: आज़मगढ़ में 105 वाहन चालकों का चालान
आज़मगढ़ : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना और अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी के निर्देशन में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को “नो हेलमेट, नो फ्यूल” विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के तहत आज़मगढ़–वाराणसी और आज़मगढ़–मऊ मार्ग पर स्थित सभी प्रमुख पेट्रोल पंपों पर चेकिंग की गई। टीम ने पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना हेलमेट किसी भी वाहन चालक को पेट्रोल न दिया जाए। साथ ही आमजन को दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य बताया गया।
इस दौरान कुल 12 पेट्रोल पंपों पर जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 105 दोपहिया वाहन चालकों का चालान किया गया। संयुक्त चेकिंग टीम में एआरटीओ अतुल कुमार यादव, पीटीओ विक्रांत सिंह, प्रभारी यातायात उ.नि. धनंजय शर्मा, उ.नि. जयशंकर सिंह, उ.नि. गोविन्द प्रसाद सहित कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
एसएसपी हेमराज मीना ने कहा कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं है, बल्कि आमजन को जागरूक करना है ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

No comments