आर्थिक जाल में फंसाकर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मधुकर मिश्रा गिरफ्तार
आजमगढ़ : दीदारगंज थाना क्षेत्र में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त मधुकर मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। मधुकर पर अवैध अस्पताल, मेडिकल स्टोर और बीसी के जरिये लोगों को आर्थिक जाल में फंसाने का आरोप है।
मृतक शिवआसरे के भाई ने तहरीर में पुलिस को बताया कि मधुकर मिश्रा और उनके सहयोगियों ने शिवआसरे को अवैध बीसी और अत्यधिक ब्याज पर कर्ज देकर करीब 20 लाख की वसूली की थी। इसके अलावा, एक ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करवाकर चेक बाउंस कराने और फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दी थी। लगातार मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना से तंग आकर शिवआसरे ने 26 मई 2025 को अपनी दुकान की छत पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
दीदारगंज थाने के एसआई अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को मधुकर मिश्रा को गिरफ्तार किया। मधुकर करुई गांव का निवासी है और कुशलगांव बाजार में सौरभ मेडिकल स्टोर संचालित करता है। थानाध्यक्ष दीदारगंज राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस को मधुकर मिश्रा की तलाश थी। आज गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments