Breaking Reports

नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, इनामी आरोपी पिस्टल के साथ गिरफ्तार



आजमगढ़ : जिले की कोतवाली पुलिस ने सरकारी संस्थाओं में फर्जी नियुक्ति का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी आदर्श राय उर्फ भैया राय के खिलाफ विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी के 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 15,000 का इनाम भी घोषित था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट (NBW) भी जारी था। 

हरिशंकर जायसवाल, निवासी कोडर अजमतपुर, थाना कोतवाली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र आशुतोष कुमार जायसवाल को यूपीपीसीएल में सहायक अभियंता पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर विनोद कुमार मिश्रा निवासी पैकौली पोस्ट रावतमऊ थाना सिधारी, जो कि टीबी हॉस्पिटल, सदर आजमगढ़ में वरिष्ठ लिपिक पद पर कार्यरत हैं, व उनके पुत्र पिंटू उर्फ राजीव मिश्रा द्वारा संपर्क किया गया।

विनोद मिश्रा ने दावा किया कि वे साक्षात्कार के माध्यम से नियुक्ति करवा सकते हैं और इसके लिए उन्होंने 23 अक्टूबर 2024 को जरूरी कागजात ले लिए। इसके बाद उन्होंने आदर्श राय उर्फ भैया राय से बात कराई, जिसने पैरवी खर्च के नाम पर ₹10,000 की मांग की। फिर लखनऊ बुलाकर फर्जी साक्षात्कार, दस्तावेज़ जमा करवाने और नकली नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया रची गई।

कुछ ही दिनों में पीड़ित से चरणबद्ध तरीके से कुल ₹2,00,000 की ठगी की। जब आशुतोष जायसवाल दोबारा एमवीवीएनएल गया तो वहाँ कोई नियुक्ति की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पूरे ठगी कांड का पर्दाफाश हुआ।

इस शिकायत पर थाना कोतवाली में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर उप निरीक्षक राज नारायण पाण्डेय व कांस्टेबल विकास सरोज ने 16 सितंबर की शाम को आदर्श राय को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे लखनऊ एक्जिट टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक लाइसेंसी पिस्टल व एक मोबाइल बरामद हुआ।

No comments