सियार के काटने से छात्र की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों ने शव रख किया सड़क जाम
आजमगढ़ : दीदारगंज थाना क्षेत्र के बिहटा गांव में सियार के काटने से घायल 13 वर्षीय छात्र आदर्श कुमार की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने गद्दोपुर बाजार पहुंचकर दीदारगंज-अंबारी मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित डॉक्टर और क्लीनिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों के अनुसार, 24 अगस्त को आदर्श को गांव के पास सियार ने काट लिया था। परिजन उसे फौरन गद्दोपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने भरोसा दिलाया कि इलाज से बच्चा पूरी तरह ठीक हो जाएगा और कहीं और ले जाने की जरूरत नहीं है। लेकिन कुछ दिन बाद आदर्श की तबीयत बिगड़ने लगी। तब डॉक्टर ने उसे फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया, जहां से उसे मंडलीय अस्पताल और फिर वाराणसी रेफर किया गया।
वाराणसी से भी जब डॉक्टरों ने जवाब दे दिया, तो परिजन उसे लखनऊ ले गए। लेकिन वहां भी निराशा हाथ लगी और सभी जगहों से यही कहा गया कि अब उसे घर ले जाएं। आखिरकार सोमवार सुबह सात बजे आदर्श की मौत हो गई।
मौत से गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने गद्दोपुर बाजार पहुंचकर शव को सड़क पर रखकर दीदारगंज-अंबारी मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही दीदारगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। स्थिति को बिगड़ते देख क्षेत्राधिकारी किरनपाल सिंह और उप जिलाधिकारी अशोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया।
प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मृतक आदर्श के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

No comments