Breaking Reports

'नो हेलमेट, नो पेट्रोल' अभियान, अब तक 2500 से अधिक चालान



आजमगढ़ : जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चल रहे 'नो हेलमेट, नो पेट्रोल' अभियान को प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। बिना हेलमेट के पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने पहुंचने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है।

सड़क सुरक्षा को लेकर शासन द्वारा 1 सितंबर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जनपद में अब तक करीब 2500 दोपहिया वाहन चालकों का चालान किया जा चुका है। वहीं, सोमवार को अकेले 150 चालान काटे गए।

परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एआरटीओ (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव के नेतृत्व में पेट्रोल पंपों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। टीमों द्वारा न केवल चालान किया जा रहा है, बल्कि पेट्रोल पंप संचालकों और आम जनता को नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

'नो हेलमेट, नो फ्यूल' नीति के तहत बिना हेलमेट पहुंचे बाइक सवारों को न केवल पेट्रोल देने से इनकार किया जा रहा है, बल्कि उनका चालान भी किया जा रहा है। एआरटीओ ने पेट्रोल पंप संचालकों से नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की अपील की है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक बनाना है। विभाग का मानना है कि हेलमेट की अनदेखी कई बार जानलेवा साबित होती है, जिसे इस अभियान के जरिए रोका जा सकता है।

No comments