भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य ने महिला के साथ की छेड़खानी, विरोध करने गए सिपाही को भी पीटा
आजमगढ़ : महराजगंज थाना क्षेत्र के फायर स्टेशन गेट के पास एक चाय दुकानदार की पत्नी के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता एवं जिला पंचायत सदस्य फौजदार यादव और उनके समर्थकों ने दुकानदार की पत्नी से अभद्रता की। जब स्थानीय सिपाही ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की शुरूआत तब हुई जब फौजदार यादव और उनके साथी चाय की दुकान पर पहुंचे।
दुकानदार की पत्नी की शिकायत के अनुसार, फौजदार यादव ने उनके साथ छेड़खानी की कोशिश की। विरोध जताने पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही ने हस्तक्षेप किया, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर सिपाही पर हमला बोल दिया और उसे बुरी तरह पीटा। महिला की तहरीर पर पुलिस ने फौजदार यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, घायल सिपाही की शिकायत पर तीन नामजद सहित दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मारपीट और जानलेवा हमले का केस दर्ज हुआ है।
बता दें कि फौजदार यादव ने हाल ही में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जिला पंचायत चुनाव लड़ा और भाजपा समर्थित प्रत्याशी बिंदेश्वरी जायसवाल को हराया। जीत के बाद वे भाजपा में शामिल हो गए। अब यह घटना पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है। स्थानीय लोग इसे दबंगई का मामला बता रहे हैं और भाजपा की छवि पर सवाल उठा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में भारी रोष है। कई लोग थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि निष्पक्ष जांच होगी। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।

No comments