Breaking Reports

शिक्षक भर्ती में हुई गड़बड़ी में जांच समिति ने 19 सितंबर तक मांगे प्रमाण



इलाहाबाद : सहायक अध्यापक चयन प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी की जांच कर रही समिति ने संबंधित पक्षों को 19 सितंबर तक प्रमाण प्रस्तुत करने का मौका दिया है। जांच समिति के अध्यक्ष व प्रमुख सचिव चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास संजय आर0 भूसरेड्डी ने बुधवार को विज्ञप्ति जारी करके सभी संबंधित पक्षों को सूचित किया कि यदि कोई सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के संबंध में कोई अभिलेख या प्रमाण प्रस्तुत करना चाहता है तो वह 13 से 19 सितंबर तक सुबह 9ः30 से 11 बजे के बीच उनके कैम्प कार्यालय पर प्रस्तुत कर सकता है। कैम्प कार्यालय लखनऊ में 17 न्यू बेरी रोड पर स्थित है।
माना जा रहा है कि अब बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा की कार्बन कॉपी और रिजल्ट के अंकों के अंतर का साक्ष्य प्रस्तुत कर सकते हैं। वैसे भी परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में करीब पांच हजार आवेदकों ने स्कैन कॉपी की मांग की है। इसके अलावा उत्तर पुस्तिका बदलने वाले और जिन्हें स्कैन कॉपी मिल चुकी है और वे उत्तीर्ण हैं वह भी साक्ष्य मुहैया करा सकते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 68500 सहायक अध्यापक भर्ती के नतीजों में गड़बड़ी की खबरें आने के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए यह जांच कमेटी गठित की थी। जांच कमेटी में सर्व शिक्षा अभियान के निदेशक वेदपति मिश्रा और बेसिक शिक्षा निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह को सदस्य बनाया गया है। यह समिति भर्ती में हुई अनियमितताओं की गहन जांच कर रही है। यह कमेटी दोषी कर्मचारियों व अधिकारियों का उत्तरदायित्व तय करते हुए रिपोर्ट देगी।

आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments