Breaking Reports

यूपीएटीएस की सतर्कता से दहलने से बचा यूपी, आतंकवादी गिरफ्तार



कानपुर : यूपीएटीएस ने पाकिस्‍तानी आतंकवादी संगठन हिज्‍बुल मुजाहिद्दीन के एक संदिग्‍ध आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने बताया कि यह गिरफ्तारी गुरुवार को यूपी के कानपुर शहर से हुई है। उन्‍होंने बताया कि यह आतंकवादी गणेश चतुर्थी पर हमले को अंजाम देने वाला था। उन्‍होंने बताया कि जम्‍मू-कश्‍मीर में सक्रिय इस आतंकवादी संगठन के आतंकी का नाम कमर-उज-जमा है। वह मूल रूप से असम के नौगांव का रहने वाला है। उन्‍होंने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि हिज्‍बुल ने उसे इस क्षेत्र में आतंकवादी वारदात की तैयारी की जिम्‍मेदारी सौंपी थी। डीजीपी ने कहा कि इस आतंकवादी ने सोशल मीडिया पर एके-47 के साथ फोटो शेयर किया था। 
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्‍वीकार किया है कि वह हिज्‍बुल मुजाहिद्दीन का सक्रिय सदस्‍य है। उन्‍होंने बताया कि जम्‍मू.कश्‍मीर के किश्‍तवाड़ में उसकी ट्रेनिंग हुई थी। ओपी सिंह ने बताया कि कमर-उज-जमा के मोबाइल से एक विडियो मिला है जिससे पता चलता है कि उसने कानपुर में एक मंदिर की रेकी की थी और वहां हमले के फिराक में था। उन्‍होंने कहा कि एनआईए से मिली सूचना के आधार पर इस आतंकवादी को एटीएस ने उसे गिरफ्तार किया है।
ओपी सिंह ने बताया कि भारतीय होने की वजह हिज्‍बुल ने उसे आगे रखा हुआ था ताकि किसी को उस पर शक न हो। 

No comments