यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर हुआ साइबर हमला
माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड पर साइबर अटैक हुआ है। यूपी बोर्ड के नाम पर जालसाजों ने हूबहू दूसरी वेबसाइट बनाई हैं। ये भी काफी हद तक एक जैसी होने के कारण अंतर समझ में ही नहीं आता। फर्क सिर्फ यूआरएल आईडी का है। इससे मिलते जुलते नामों का इस्तेमाल कर करोड़ों छात्र शिक्षकों को गुमराह किया जा रहा है।
एक न्यूज एजेन्सी की पड़ताल में अभी तक ऐसी छह वेबसाइट के नाम सामने आए हैं। जिनमें, चार सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। इनकी संख्या और भी हो सकती है। यूपी बोर्ड की सिर्फ दो आधिकारिक वेबसाइट www.upmsp.edu.in और www.upmsp.nic.in हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद के अपर सचिव शिव लाल ने बताया कि www.upmsp.nic.in फिलहाल काम नहीं कर रही है। इसलिए सिर्फ एक वेबसाइट www.upmsp.edu.in है। इसके अलावा नतीजों के लिए एक अलग वेबसाइट है। जालसाजों ने इन यूआरएल आईडी से मिलते-जुलते नामों का सहारा लेकर अपनी वेबसाइट तैयार की हैं। ये यूआरएल अलग-अलग सर्वर से होस्ट हो रहे हैं।
जालसाजों ने इन वेबसाइट में माध्यमिक शिक्षा परिषद के लोगो और यहां की सूचनाओं का खुलकर इस्तेमाल किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इन वेबसाइट के सहारे छात्रों और स्कूलों के संबंध में सूचनाएं तक इकट्ठा की जा रही हैं। जोकि, काफी घातक साबित हो सकता है।

No comments