Breaking Reports

धर्मातरण की सूचना मिलने पर पुलिस ने ईसाई मिशनरी के दो सदस्य को हिरासत में लिया



आजमगढ़ : निजामाबाद थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में शुक्रवार को धर्मांतरण की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे हिंदू संगठनों के लोगों ने प्रार्थना सभा को रोकवा दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ईसाई मिशनरी के दो सदस्यों को हिरासत में ले लिया। 
काफी दिनों से क्षेत्र में सक्रिय ईसाई मिशनरियों द्वारा गरीब तबके के लोगों को भ्रमित व बहला-फुसला कर धर्म परिवर्तन की खबरें मिल रही थीं। लोगों का कहना है कि धर्म परिवर्तन कार्य में लगे ईसाई मिशनरी के कुछ सदस्य नगर पंचायत निजामाबाद के सालेहपुर गांव में एक व्यवसायी के मकान में किराए पर कमरा लेकर काफी दिनों से रह रहे थे। प्रार्थना सभा के नाम पर क्षेत्र के भोले-भाले पुरुषों व महिलाओं को बुलाकर प्रार्थना के जरिए धर्म परिवर्तन का प्रलोभन देते थे। इससे क्षेत्र में सामाजिक समरसता बिगड़ रही थी और लोगों में आक्रोश पनप रहा था। इसकी खबर जब  हिंदू संगठनों के लोगों को हुई तो उनकी सक्रियता के बाद ईसाई मिशनरी के लोग सालेहपुर में अपनी दुकान बंद कर ग्रामीण क्षेत्र में अपना सामान ले जाकर रहने लगे थे। शुक्रवार की दोपहर को रामपुर गांव में रामदुलार राम के घर पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। इस प्रार्थना सभा में काफी संख्या में महिलाएं एकत्र थीं। प्रार्थना सभा के बहाने धर्म परिवर्तन कराने की खबर जब हिंदू संगठनों के लोगों को हुई तो वे दर्जनों ग्रामीणों के साथ वहां पहुंच गए और प्रार्थना सभा रोकवा दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी।              सूचना पाकर निजामाबाद थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद ईसाई मिशनरी के दो सदस्य को हिरासत में लेने के बाद उन्हें थाने पर लेकर चली आई। पकड़े गए लोगों में कृपाशंकर पुत्र रामबदन ग्राम अहियापुर थाना निजामाबाद, विजय प्रजापति पुत्र मनकू प्रजापति ग्राम बिंद्राबाजार थाना गंभीरपुर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने उनके पास से धर्म परिवर्तन संबंधी साहित्य व काफी मात्रा में इससे संबंधित पुस्तकें बरामद किया। पकड़े गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही थी। इस संबंध में विश्व हिंदू महासंघ निजामाबाद के अध्यक्ष त्रिभुवन सैनी पकड़े गए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए नामजद तहरीर दिया है।

आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments