Breaking Reports

तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, परिवार में मचा कोहराम



आजमगढ़ : दीदारगंज थाना क्षेत्र के अरनौला गांव निवासी 14 वर्षीय मोहम्मद कासिफ व उसका छोटा भाई नौ वर्षीय नवाजिश पुत्रगण शाहनवाज शुक्रवार को सुबह लगभग 10 बजे घर से मछली मारने के लिए अन्य बच्चों के साथ गए थे। गांव के समीप दोनों भाई कटिया लगाकर तालाब के किनारे बैठे थे। अन्य बच्चों का कहना है कि नवाजिश का पैर अचानक फिसल जाने से वह तालाब की गहराई में चला गया। छोटे भाई को तालाब में डूबता देख बड़ा भाई कासिफ उसे बचाने के प्रयास में स्वयं भी तालाब में डूब गया। साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो गांव के लोग भी मौके पर आ गए। 
      ग्रामीणों ने तालाब में डूबे दोनों भाइयों को गांव के कुछ गोताखोरों ने आधा घंटा बाद उन्हें ढूढ़ निकाला। दोनों को अचेतावस्था में परिवार के लोग नजदीक के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। जहां डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों भाइयों की मौत की खबर जब परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। मां दरख्शां बानो की हालत विक्षिप्त सी हो गई है। शाहनवाज के तीन पुत्र व दो पुत्रियों में कासिफ सबसे बड़ा व नवाजिश चौथे नंबर पर था। मझला भाई अब्दुल कादिर, बहनों में 13 वर्षीय अक्शा खातून व तीन वर्षीय अदीदा हैं। पिता मुंबई में काम करते हैं। वे कुछ दिन पूर्व मुंबई से घर आए थे। शुक्रवार को मुंबई जाने के लिए उनका ट्रेन का टिकट था। मृत दोनों भाई गांव के मदरसे में पढ़ते थे। शुक्रवार को जुमा के चलते मदरसे की छुट्टी होने से वे घर पर ही मौजूद थे।

आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments