अमृतसर रेल हादसा : जिले के दो युवकों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
आजमगढ़ : दशहरे के दिन अमृतसर रेल हादसे में तहबरपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले दो युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही दोनों के गांव में मातम छा गया।
तहबरपुर थाना क्षेत्र के रैसिंहपुर गांव निवासी 24 वर्षीय राम मिलन निषाद पुत्र फेकू निषाद अमृतसर मे पेंटिंग का काम करता था। सात अक्टूबर को वह अमृतसर गया था। रावण दहन के समय पठानकोट एक्सप्रेस की चपेट मे आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक के कई रिश्तेदार वहीं पर रहते है। शुक्रवार को रात में ही उसके मौसा ने रेल हादसे में मरने की खबर दी। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। मृतक की पत्नी कविता व परिजनो का रो-रो कर बुरा हाल है। एक पुत्र दो वर्षीय शिवम है। पत्नी गर्भवती है। मृतक तीन भाईयो मे दूसरे नंबर पर था। दादा फेंकू निषाद की गोद में बैठे शिवम को पिता की मौत का जरा भी आभास नहीं है। वह बार-बार कह रहा था कि पापा गाड़ी लेने गए हैं। 'हमकें बड़की गाड़ी ले के अइहै'।
वही तहबरपुर थाना क्षेत्र के ही संवरूपुर गांव के रहने वाले 20 वर्षीय बृजभान राम पुत्र रामचनदर राम की भी हादसे में मौत हो गई। वह लगभग डेढ़ माह पूर्व अमृतसर गया था। रामकेश, रामकेर (रूदल) सुकेश चार भाइयो मे बृजभान चौथे नंबर का था। वह अविवाहित था। अमृतसर मे वह भी पेंटिंग का काम करता था। उसके भाई भी अमृतसर में रहते है। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता व परिजनो का रो-रो कर बुरा हाल है। माता बेहोश पड़ी थी। सांत्वना देने वालो का तांता लगा हुआ है।
आजमगढ़ रिपोर्ट


No comments