Breaking Reports

जिलाधिकारी ने चार ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत और सचिव के साथ ओडीएफ की समीक्षा की



आजमगढ़ : जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद को ग्राम पंचायतवार ओडीएफ घोषित करने की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा चार विकास खंडों में, बिलरियागंज में 116 ग्राम पंचायत, सठियांव में 84 ग्राम पंचायत, हरैया में 85 ग्राम पंचायत तथा महराजगंज में 84 ग्राम पंचायतों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने हरैया ब्लाक के शौचालय निर्माण में संतोषजनक प्रगति न पाए जाने पर एडीओ पंचायत हरैया को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश डीपीआरओ को दिए तथा उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि जहां जहां शौचालय के गड्ढे मानक के अनुसार नही बने हैं वहां शौचालय के गड्ढे मानक के अनुसार बनवाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी सचिव व एडीओ पंचायत को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि आपके गांव में लेट्स डू पॉजीटिव टीम शौचालय के निर्माण के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए जाती है तो आप लोग उनका सहयोग करें तथा शौचालय का निर्माण मानक के अनुसार कराना सुनिश्चित करें। सभी सचिवों को निर्देशित करते हुए कहा कि बेस लाइन सर्वे सूची में यदि कोई सरकारी कर्मचारी का नाम है और उसके खाते में पैसा चला गया है तो उससे रिकवरी कराएं। यदि वह स्वयं शौचालय बना लिया है तो उसका जीओ टैग कराएं। उन्होंने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शौचालय समूह में बनाएं तथा शौचालय निर्माण से संबंधित सामग्री ईंट, बालू, सीमेंट शीट एक साथ मंगवाएं तथा शौचालय मानक के अनुसार बनवाना सुनिश्चित करें तथा गड्ढे की चौड़ाई और गहराई मानक के अनुसार हो। इस अवसर पर उन्होंने समस्त नोडल अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, एडीओ पंचायतों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने स्तर से समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायतवार ओडीएफ कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कमलेश कुमार सिंह, डीसी मनरेगा वीवी सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी आनन्द प्रकाश श्रीवास्तव, ग्राम पंचायत अधिकारी, एडीओ पंचायत आदि उपस्थित थे।

आजमगढ़ रिपोर्ट 

No comments