Breaking Reports

आग लगने से रिहायशी मड़ई जलकर खाक, लाखों का नुकसान



आजमगढ़ : दीदारगंज थाना क्षेत्र के खरसहन कला गांव में मच्छर भगाने के लिए सोमवार की रात को सुलगाए गए उपले की चिगारी से रिहायशी मड़ई में आग लग गई। खरसहन कला गांव निवासी 70 वर्षीय हीरालाल यादव पुत्र हरखू यादव की रिहायशी मड़ई से सटे पशुशाला है। मच्छर भगाने के लिए सोमवार की रात को पशुशाला में धुआं करने के लिए उपले सुलगाए थे। परिजनों का कहना है कि उपले की चिंगारी से पशुशाला की मड़ई में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें उठने से रिहायशी मड़ई में भी आग पकड़ लिया। परिजनों के शोर मचाने पर गांव के लोग भी आ गए। जब तक ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक मड़ई में रखे गृहस्थी के सभी सामान जलकर खाक हो गए। आग बुझाने के प्रयास में गृह स्वामी हीरालाल के साथ ही मड़ई में बंधे दो मवेशी भी झुलस गए, और एक भैंस की जलकर मौत हो गई। झुलसे गृह स्वामी को परिजनों ने जौनपुर जिला के शाहगंज बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना पाकर दीदारगंज थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह के साथ ही हल्के के लेखपाल अरुण यादव भी मौके पर पहुंच गए। लेखपाल ने क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तहसीलदार को सुपुर्द कर दिया। पशु चिकित्साधिकारी ने झुलसे मवेशियों का इलाज किया और मृत भैंस का पोस्टमार्टम किया।  परिजनों ने इस अगलगी की घटना में पीएम आवास के लिए घर में रखे 20 हजार रुपये नकदी भी जल जाने की बात कही है। उन्होंने इस घटना में लगभग एक लाख से अधिक की क्षति होना बताया है।

आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments