जमीन के विवाद : मनबढ़ों ने बेटे का पैर काटा और मां की निकाल ली आंख
आजमगढ़ : दीपावली पर्व पर बुधवार को लोग जहां तैयारियों में व्यस्त रहे, वहीं जिला मुख्यालय से महज ढाई किलोमीटर की दूरी पर स्थित गेलवारा गांव में दो पक्षों के बीच जमीन का विवाद इतना गहरा गया कि मनबढ़ों ने कुल्हाड़ी से जवान बेटे का पैर काट दिया। वहीं बूढ़ी मां के सिर पर कुदाल से इतना जोरदार प्रहार किया कि दाहिनी आंख बाहर निकल आई। वृद्धा के पति और बहू को भी लहूलुहान कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां वृद्धा की हालत गंभीर बनी हुई है।
सिधारी थाना क्षेत्र के गेलवारा गांव में बुधवार को मनबढ़ों ने लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी और कुदाल से इन पर हमला बोल दिया। कुल्हाड़ी की चोट से आनंद (30) का दाहिना पैर कट गया। वहीं उसकी मां राधिका (60) के सिर पर कुदाल से इतने बलशाली प्रहार किए कि चोट लगने के साथ ही उसकी दाहिनी आंख बाहर निकल आई। जबकि लाठी-डंडे से पीटकर बहादुरलाल (62) और संजू (27) को घायल कर दिया। घटना के बाद हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 100 की पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बहादुरलाल के मुताबिक पट्टीदार से जमीन का विवाद चलता है। इस विवाद को हल कराने के लिए कई बार गांव के संभ्रांत लोगों को बुलाकर पंचायत की गई। पर कोई नतीजा नहीं निकला। थाना, तहसील और अधिकारियों के यहां शिकायत करने का भी कोई परिणाम नहीं निकला। इसी विवाद के चलते बुधवार की सुबह दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हुई।
जिला अस्पताल में भर्ती राधिका की हालत गंभीर बनी हुई है।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments