विवाहिता ने की आत्महत्या, पिता ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप
आजमगढ़ : तहबरपुर थाना क्षेत्र के सहनूपुर डिहवा गांव में शुक्रवार को दोपहर में कमरें में छत के चुल्ले से युवती का शव लटकता पाए जाने से सनसनी फैल गई। मृत युवती की पांच माह पूर्व शादी हुई थी।
तहबरपुर थाना क्षेत्र के सहनूपुर डिहवा गांव निवासी नागेंद्र यादव तहबरपुर बाजार में एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। दो बहनों एक भाई में सबसे बड़ी पुत्री रेखा यादव की शादी पांच माह पूर्व मई माह में गंभीरपुर थाने के बेलऊ गांव निवासी मनीष यादव से की थी। शादी में विदा होकर रेखा ससुराल गई थी और एक माह बाद विदा होकर मायके आ गई थी। पति मनीष यादव मुंबई में रहता है। शुक्रवार को दोपहर में रेखा अकेले घर में थी। जबकि उसके मां-बाप और भाई बहन बाहर धान की पिटाई कर रहे थे। इस दौरान रेखा ने घर के कमरे में छत के चुल्ले में दुपट्टी लगा कर फांसी लगा ली। लगभग दो बजे परिजन किसी काम से घर में पहुंचे, तो कमरे में रेखा का शव लटकते देख सन्न रह गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और परिजनों से पूछताछ के बाद शव को थाने पर लाया। ससुराल वालों को सूचना दी, मगर कोई नहीं पहुंचा। इस दौरान मृत युवती के पिता नागेंद्र यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी बेटी को दहेज को लेकर ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। फोन पर धमकी देते थे। ऐसे में उसने आत्महत्या कर ली।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments