घर पर बनी चाय पीने से परिवार के सात लोग बीमार
आजमगढ़ : शहर कोतवाली क्षेत्र के बंशी बाजार में शनिवार की सुबह विषाक्त चाय पीने से एक ही परिवार के सात लोग बीमार हो गए। सभी मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
नगर कोतवाली के आजमगढ़-जीयनपुर मार्ग पर बंशी बाजार निवासी 60 वर्षीय रामचंद्र यादव पुत्र रामनरायन यादव का रोड पर ही घर है। घर में ही वह चाय की दुकान खोल रखा है। सुबह टहलने वालों के लिए वह भोर में पांच बजे ही दुकान खोल देता है। शनिवार को सुबह चाय बनाई। खुद पी और परिवार के लोगों ने भी चाय पी। लगभग छह बजे एक-एक कर परिवार के सभी सदस्यों की हालत बिगड़ गई। उल्टी होने से हालत और गंभीर हो गई। हालत बिगड़ने पर रामचंद्र पुत्र रामनरायन, 30 वर्षीया माधुरी पत्नी मोती, पांच वर्षीय सुंदरम पुत्र शिव, चार वर्षीय सिरसती पुत्री शिव, आठ वर्षीय पापुलर पुत्र मोती, 12 वर्षीया अन्नू, 13 वर्षीया मोनू पुत्रीगण तहसीलदार यादव को पड़ोसियों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जिला अस्पताल के डा.एजे अजीजी ने एक ही परिवार के सात सदस्यों के बीमार होने पर फूड प्वाजनिंग की आशंका जताई है। बहरहाल अभी पुष्टि के लिए जांच कराई जा रही है।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments