आपसी विवाद को लेकर सगे भाई की ईट व तवे से प्रहार कर की हत्या
आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में शुक्रवार की रात को आपसी विवाद को लेकर युवक ने सगे भाई की ईट व तवे से प्रहार कर हत्या कर दी। पकड़ी गांव निवासी मोहित राम के दो पुत्रों में 30 वर्षीय मनोज कुमार व 26 वर्षीय अरुण कुमार हैं। दो भाइयों में आपस में आएदिन झगड़ा होता था। इसके चलते अरुण अपनी मां मीरा देवी, पिता मोहित के साथ गांव स्थित खेत में अपना मकान बनाकर रहता था, जबकि उसका बड़ा भाई मनोज अपने दादा झिंगई राम, पत्नी सीमा व पुत्र और पुत्री को लेकर गांव के ही पुश्तैनी मकान में रहता है। शुक्रवार की रात को पकड़ी चौक निवासी किसी व्यक्ति के यहां बर्थडे पार्टी थी।
उक्त कार्यक्रम में दोनों भाई गए थे। मनोज दावत खाने के बाद घर चला गया, जबकि अरुण रात लगभग दो बजे शराब के नशे में धुत होकर बाइक पर सवार होकर घर जाने के लिए चला। रास्ते में वह अपने बड़े भाई मनोज के दरवाजे पर पहुंच कर गाड़ी रोक दी और बड़े भाई का नाम लेकर बुलाते हुए गाली देने लगा। शोर सुनकर बड़े भाई के साथ ही उसके दादा की नींद खुल गई। दोनों ने शराब के नशे में धुत अरुण को समझाने का प्रयास किया, पर वहीं नहीं माना। दोनों के बीच मारपीट होते देख उसके दादा अरुण की मां को बुलाने के लिए चले गए। इस बीच अरुण अपने बड़े भाई के घर में घुसकर उसे मारने का प्रयास करने लगा। इस बीच मनोज ने लकड़ी के चूल्हे पर रखा लोहे का तवा उठाकर अपने छोटे भाई के सिर पर प्रहार कर दिया जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, इसके बाद बड़े भाई ने ईट उठाकर उसके सिर पर लगातार कई वार कर दिया। जिससे अरुण की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद उसने स्वयं यूपी 100 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अहरौला थानाध्यक्ष अयोध्या तिवारी मौके पर पुलिस के साथ पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने जब उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए सिपाहियों से कहा तो मनोज ने बताया कि उसकी उसने हत्या कर दी है। पुलिस ने मनोज को हिरासत में लेने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments