रेलवे पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
आजमगढ़ : राजकीय रेलवे पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने सोमवार को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई ट्रेनों में सवार यात्रियों एवं उनके सामान की चेकिंग की गई ताकि ज्वलनशील पदार्थ व विस्फोटक सामान की आवाजाही पर रोक लग सके। दीपावली पर लोग ट्रेन में सफर के दौरान पटाखे व ज्वलनशील पदार्थ साथ ले जाते हैं। ज्वलनशील व पटाखों में आग लगने से बड़ा हादसा हो सकता है। इसे ध्यान में रखकर जीआरपी थाना प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी व आरपीएफ थाना प्रभारी राशिद बेग मिर्जा ने सोमवार को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। टीम में शामिल पुलिसकर्मियों ने रेलवे प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय तथा रेलवे परिसर में बैठे यात्रियों के सामान आदि की गहनता से जांच की। वहीं टीम ने पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बों में जाकर यात्रियों को जागरूक किया कि लावारिस सामान की सूचना रेलवे को तत्काल दें। अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई चीजों को न खाएं। उन्होंने लोगों को यात्रा के दौरान सावधानी बरतने को कहा। इस मौके पर हेड कांस्टेबल गंगासागर, सुधीर कुमार, सूर्यभान, अरुण कुमार सिंह, आरपीएफ के शशिभूषण तिवारी, अशोक सिंह, विनय दुबे व विजय श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments