साउथ कोरिया जाने की आस में गंवाए नौ लाख रुपए
आजमगढ़ : अतरौलिया थाने के गौरा रघुवर गांव के निवासी रामनयन सिंह के बेरोजगार पुत्र अभिमन्यु सिंह और जितेंद्र सिंह वर्ष 2014 में रोजी-रोटी के लिए सउदी अरब गया था। एक भाई पेट्रोल पंप पर काम करता था और दूसरा भाई होटल में काम करता था। एक साल बाद अभिमन्यु सिंह घर लौट आया। जबकि जितेंद्र सिंह सउदी में ही रहा। इस दौरान जितेंद्र सिंह से सउदी में रह रहे प्रयागराज निवासी एक व्यक्ति से संपर्क हुआ। उसने दोनों भाइयों को साउथ कोरिया में सुपरवाइजर और पैकिंग हेल्पर पद नौकरी दिलाने के नाम पर अपने खाते में जून 2017 में छह लाख रुपये ट्रांसफर कराया। इसके अलावा तीन लाख नकद अपने पिता के यहां जमा कराया। साउथ कोरिया जाने की आस में डेढ़ वर्ष पूर्व दोनों भाई सउदी से घर लौट आए। आज तक साउथ कोरिया न भेजे जाने पर अभिमन्यु से दिए गए नौ लाख रुपये की मांग की, तो इलाहाबाद निवासी ठग ने पैसा देने से इंकार कर दिया। इस पर अभिमन्यु सिंह ने अतरौलिया थाने में नौ लाख ठग लेने के आरोप में तहरीर दी। पुलिस ने चांद बाबू पुत्र मोहम्मद फरीद उर्फ भोला फकीर निवासी गोदयानी, थाना मऊ आइमा, जिला प्रयागराज के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments