स्कूल वैन ड्राइवर ने लगाई फांसी
आजमगढ़ : पवई थाना क्षेत्र के गालीबपुर गांव के सिवान में मंगलवार की सुबह पुलिस ने पेड़ से लटकते युवक का शव बरामद किया।
पवई थाने के बेलवाई गांव निवासी बृजकेश दूबे पुत्र रामा दूबे पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर में प्राइवेट स्कूल में वैन चलाता था। सोमवार की शाम लगभग पांच बजे वह घर से साइकिल से बाजार जाने के लिए निकला था। देर रात तक घर लौट कर नहीं आया। परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे। इस बीच मंगलवार की सुबह घर से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर गालीबपुर गांव के बगीचे में आम के पेड़ से लटकता हुआ उसका शव पाया गया। शौच के लिए गए गांव के कुछ युवकों ने शव देख ग्रामीणों को जानकारी दी। इतने में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर रोते-विलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ समय बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पवई थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया कि मृत युवक कई दिनों से पेट की बीमारी से परेशान था। आर्थिक तंगी के चलते समुचित इलाज नहीं करा पा रहा था। बीमारी तंब आकर उसने फांसी लगा कर जान दे दी। बहरहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत युवक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पास एक पांच साल की पुत्री है और एक छह माह की पुत्री है।
आजमगढ़ रिपोर्ट

No comments