Breaking Reports

युवती की गला रेतकर हत्या, शव को गन्ने के खेत में फेंका



आजमगढ़ : रौनापार थाना क्षेत्र के दान चिलबिली गांव के गन्ने के खेत में एक अज्ञात युवती का शव मंगलवार की सुबह पुलिस ने बरामद किया।


      रौनापार थाने के चिलबिली दान चिलबिली गांव की एक महिला मंगलवार को सुबह खेत में गोबर फेकने गई थी। इस दौरान गन्ने के खेत में 19 वर्षीय युवती का शव देख कर भागती हुई घर पहुंची। खबर मिलते ही आस-पास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसपी रवि शंकर छवि, सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह, रौनापार थानाध्यक्ष गिरिजेश सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की छानबीन के दौरान पास में ही एक व्यक्ति के जोते गए खेत में रामपुरी  चाकू का कवर मिला। उसी खेत की मिट्टी पर खून फैला हुआ था। युवती की गर्दन कटी थी और शरीर पर भी चोट के निशान थे। ग्रामीणों का कहना है कि युवती की चाकू से प्रहार कर हत्या करने के बाद शव गन्ने के खेत में फेक दिया गया है। उन्होंने युवती के साथ दुराचार के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर डॉग स्क्वायड के साथ ही फील्ड यूनिट की भी टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं फील्ड यूनिट के सहायक वैज्ञानिक ने साक्ष्य के रूप में युवती के गले व खेत की जमीन पर जमे खून का संकलन किया। मृत युवती के बदन पर जींस का पैंट व टाप था। देखने से वह किसी साधारण घर की प्रतीत हो रही थी। एसपी का कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही रेप व हत्या के मामले की पुष्टि हो पाएगी।

आजमगढ़ रिपोर्ट 

No comments